कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार रात बॉक्सिंग के अंतिम दो मुकाबलों में भारत ने एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हासिल किया। अंकुश पंघाल (पुरुष 80 किग्रा वर्ग) ने 'गोल्डन पंच' लगाया, जबकि नरेंद्र (पुरुष 90+ किग्रा) को सिल्वर के साथ संतोष करना पड़ा।
भारत ने बॉक्सिंग में कुल 10 मेडल के साथ अपने अभियान की समाप्ति की। इनमें 7 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल हैं। इसी के साथ भारत कुल 38 मेडल के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की मेडल टैली में चौथे स्थान पर है। देश की झोली में अब तक 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल आए हैं।
पुरुष 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल ने एसईसी हॉल-5 में लड़ी गई बाउट नंबर-186 में इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराया। पहले राउंड में इंग्लिश मुक्केबाज पूरी तरह से दबदबा बनाते नजर आए। राउंड की समाप्ति पर सभी पांच जजों ने अपना फैसला डिमेजी के पक्ष में दिया। इसके बाद अगले राउंड में अंकुश ने वापसी करते हुए तीन जजों से 10-10 अंक हासिल किए। अंतिम राउंड निर्णायक बन गया था, जिसमें अंकुश ने चार जजों से 10-10 अंक हासिल करते हुए खिताबी मुकाबला अपने नाम किया।