Commonwealth Games: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार को भारत की उन्नति शर्मा ने तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ मुकाबले में साउथ अफ्रीका की स्काई नोस्टर को शिकस्त देकर महिलाओं के 63 किग्रा जूडो इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। बेटी की इस उपलब्धि के बाद देहरादून में जश्न का माहौल है।
उन्नति की मां ममता शर्मा ने 'आईएएनएस' से कहा, "मुझे बहुत खुशी है। हमारी बेटी की तरह ही सभी बच्चे सफलता हासिल करें। हर बेटी सफल बने और देश का नाम रोशन करे। उन्नति ने जो भी करना चाहा, हमने उन्हें सपोर्ट किया। पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं। उन्नति बचपन से लड़कों के साथ खेलती थीं। हमें शुरुआत से ही लगता था कि एक दिन जरूर नाम रोशन करेंगी।"
उन्नति की बहन रिया ने कहा, "मुझे बहुत गर्व है और मेरे माता-पिता को भी बहुत गर्व है। हम सभी को उन पर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है क्योंकि इसमें लगभग 33 देशों ने हिस्सा लिया था। अपने देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतना एक बहुत बड़ी कामयाबी है। उन्होंने इस मेडल के लिए काफी मेहनत की है। एक एथलीट मेडल जीतने के लिए काफी मेहनत करता है। हमें गर्व है कि उन्नति ने उत्तराखंड के साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्नति पढ़ाई में काफी अच्छी रही हैं। 12वीं क्लास में उनके शानदार नंबर आए थे। उन्होंने खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान दिया। खेलों से भी काफी कुछ हासिल किया जा सकता है।"