जापान की राजधानी टोक्यो में 25वें ग्रीष्मकालीन डेफलिंपिक्स का आयोजन 15 से 26 नवंबर तक होना है। इस प्रतियोगिता के लिए भारत का निशानेबाजी दल शुक्रवार को टोक्यो के लिए रवाना हुआ। भारतीय दल में तीन प्रशिक्षकों सहित 15 सदस्य हैं। भारतीय दल निशानेबाजी की पुरुष और महिला वर्ग की पांच व्यक्तिगत स्पर्धाओं, पुरुष वर्ग की एक स्पर्धा और दो मिश्रित टीम स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
भारतीय दल का नेतृत्व डेफलिंपिक्स में दो स्वर्ण पदक जीत चुके धनुष श्रीकांत करेंगे। उनके साथ देश का प्रतिनिधित्व डेफलंपिक पदक विजेता शौर्य सैनी और अभिनव देशवाल करेंगे। इस दल में विश्व बधिर चैम्पियनशिप के पदक विजेता महित संधू, अनुया प्रसाद, प्रांजलि धूमल, नताशा जोशी, चेतन सपकाल, कुशाग्र सिंह राजावत, और मोहम्मद वानिया भी शामिल हैं। ये सभी देश के सबसे अनुभवी निशानेबाज हैं।
कोमल वाघमारे और रुद्र इस इवेंट से अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करेंगे। कोच के रूप में अनुजा जंग, प्रीति शर्मा और हरमित पटेल गए हैं।