मध्य प्रदेश के दो प्रतिभाशाली एथलीट्स ने 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में रविवार को पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में 5.45 मीटर की ऊंचाई पार करके एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने रांची में आयोजित प्रतियोगिता में पुरुषों की पोल वॉल्ट के पिछले नेशनल रिकॉर्ड (5.41 मीटर) को बेहतर बनाया। स्वर्ण पदक देव कुमार मीणा के नाम रहा, जबकि कुलदीप कुमार को (काउंटडाउन के आधार पर) रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
5.41 मीटर का पिछला रिकॉर्ड हाल ही में भुवनेश्वर में कुलदीप कुमार ने ही बनाया था। स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले इन दोनों एथलीट्स ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 5.25 मीटर का क्वालिफिकेशन मानक भी हासिल कर लिया है। इस प्रतियोगिता का पिछला रिकॉर्ड 5.35 मीटर था, जिसे पिछले साल देव कुमार मीणा ने ही बनाया था।
अगर शनिवार को सभी की निगाहें स्प्रिंटर्स (धावकों) पर टिकी थीं, तो रविवार को प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 'फील्ड इवेंट्स' (मैदानी स्पर्धाएं) रहीं।