डीएलटीए ने भारतीय डेविस कप टीम को किया सम्मानित, नागल ने की डी. सुरेश की तारीफ (Image Source: IANS)
दिल्ली लॉन टेनिस एसोसिएशन (डीएलटीए) ने मंगलवार शाम दिल्ली ओपन एटीपी चैलेंजर इवेंट के दौरान डेविस कप क्वालीफायर में नीदरलैंड्स पर प्रभावशाली जीत के लिए भारतीय डेविस कप टीम को सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में युवा मामले और खेल मंत्रालय में खेल विकास के संयुक्त सचिव कुणाल शामिल हुए। डीएलटीए के अध्यक्ष रोहित राजपाल, इंटरनेशनल लॉन टेनिस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष संजीव कसाल, डीएलटीए के सचिव दीपक गुप्ता, डीएलटीए में संचालन के महासचिव कर्नल रणबीर चौहान, और डीएलटीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी मौजूद थे।
भारतीय टीम ने इस महीने की शुरुआत में बेंगलुरु में एक रोमांचक मैच में छठे स्थान पर काबिज डच टीम को 3-2 से हराया, और सितंबर में होने वाले डेविस कप क्वालीफायर के दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। बता दें कि भारतीय टीम 33वें स्थान पर काबिज है।