135वें डूरंड कप का ट्रॉफी टूर शनिवार को रांची पहुंचा। गुवाहाटी में सफल आयोजन के बाद टूर्नामेंट की तीनों प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का भव्य स्वागत भारतीय सेना की पूर्वी कमान की तरफ से दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह के दौरान किया गया।
इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामलों के मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के तौर पर और कॉम्बैट आईबीजी 23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान सम्मानित अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इनके अलावा, झारखंड सरकार के खेल विभाग के निदेशक छवि रंजन (आईएएस), कॉम्बैट आईबीजी 23 के चीफ ऑपरेशन्स ऑफिसर ब्रिगेडियर के. आनंद, 61 इन्फैंट्री ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर मनोज कुमार झा, डूरंड कप आयोजन समिति के नोडल ऑफिसर कर्नल अमित कुमार यादव और रांची के नोडल ऑफिसर कर्नल हेम चंद्र के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक और सैन्य अधिकारी, भाग लेने वाले क्लबों के प्रतिनिधि, प्रायोजक, पार्टनर और फुटबॉल जगत के सदस्य भी मौजूद थे।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा, "रांची में 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप का स्वागत करना बहुत गर्व और खुशी की बात है। हम 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। रांची के लिए यह सौभाग्य की बात है कि वह भारत के कुछ प्रमुख फुटबॉल क्लबों और एक अंतरराष्ट्रीय टीम की मेजबानी कर रहा है। मुझे यकीन है कि फुटबॉल प्रेमी एक रोमांचक टूर्नामेंट देखेंगे। मैं इस प्रयास को संभव बनाने के लिए मुख्यमंत्री और भारतीय सेना का आभार व्यक्त करता हूं। मैं सभी को इस भव्य खेल उत्सव का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता हूं। हम सभी आने वाली टीमों और मेहमानों का अपनी पारंपरिक मेहमाननवाजी के साथ स्वागत करते हैं।"