प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गैर-कानूनी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म ‘पैरीमैच’ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, दमन और उत्तर प्रदेश में 17 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत हुई। यह प्लेटफॉर्म ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध धन जुटाने और उसे अलग-अलग चैनलों के माध्यम से छिपाने में शामिल था।
ईडी ने बताया कि छापों के दौरान लगभग 1.56 करोड़ रुपये की चल संपत्ति जब्त की गई, जिसमें करीब 1.2 करोड़ रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में जमा लगभग 3.8 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज कर दी गई। जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। 'पैरीमैच' पर ऑनलाइन बेटिंग ऑपरेशन के जरिए लोगों को निवेश पर अधिक रिटर्न का लालच देकर फंसाने का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस प्लेटफॉर्म ने एक वर्ष के भीतर 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की हो सकती है।