गोवा एसेस जेए रेसिंग के आर्यन नरौला और किच्चास किंग्स बेंगलुरु के रूहान अल्वा ने रविवार को इंडियन रेसिंग फेस्टिवल के तहत ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में शानदार प्रदर्शन किया। दो दिनों तक चले इस रेसिंग इवेंट में नरौला ने एफ4 इंडियन चैंपियनशिप की दोनों रेस जीतीं, जबकि अल्वा ने इंडियन रेसिंग लीग (आईआरएल) की दूसरी रेस में जीत दर्ज की। इस वीकेंड की शुरुआत शनिवार को हुई थी, जब गोवा एसेस जेए रेसिंग के राउल हाइमन ने आईआरएल और स्पीड डेमन्स दिल्ली के नतियिसो माबुंडा ने एफ4 इंडियन चैंपियनशिप की पहली रेस में जीत हासिल की।
बीआईसी में शनिवार को आईआरएल के राउंड 2 और एफ4 इंडियन चैंपियनशिप के राउंड 4 की पहली रेस के साथ मुकाबलों की शुरुआत हुई। आईआरएल में गोवा एसेस जेए रेसिंग के हाइमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की, जबकि एफ4 की पहली रेस में माबुंडा ने अपने हमवतन और गोवा एसेस जेए रेसिंग के लुविवे साम्बुदला को कड़ी टक्कर देते हुए पहला स्थान हासिल किया।
हाइमन ने आईआरएल की रेस में शुरुआत से अंत तक अपना दबदबा बनाए रखते हुए 27 मिनट 40.759 सेकंड में रेस पूरी कर जीत दर्ज की। शुरुआत में किच्चास किंग्स बेंगलुरु के एमिल हेयर्डल आगे थे, लेकिन हाइमन ने शानदार ओवरटेक करते हुए बढ़त हासिल कर ली और अंत तक इसे बनाए रखा। कोलकाता रॉयल टाइगर्स के साई शिवा शंकरन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 27:55.806 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। किच्चास किंग्स बेंगलुरु की जेम्मा मूर ने 27:56.070 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।