FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज अर्जेंटीना ने धमाकेदार जीत के साथ किया है। अल्जीरिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मेसी ने तीन गोल दागते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, मैदान पर अपने खेल से हर किसी का दिल जीत रहे मेसी अंदर से बेहद परेशान हैं।
मेसी के पिता जॉर्ज मेसी बीमार हैं और वह स्वास्थ्य संबंधी समस्या से लड़ाई लड़ रहे हैं। यही वजह है कि अल्जीरिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पहला गोल करने के बाद मेसी भावुक भी हो गए थे। सोशल मीडिया पर मेसी के पिता को लेकर चल रही तमाम तरह की अटकलों और अफवाहों के बीच उनके परिवार का बयान सामने आया है। मेसी के परिवार ने इस मुश्किल समय में गोपनीयता का सम्मान करने की अपील की है। इसके साथ ही परिवार ने बताया है कि मेसी के पिता बीमार हैं, लेकिन उनकी हेल्थ में लगातार सुधार हो रहा है।
परिवार ने इसके साथ ही मेसी के पिता को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर नाराजगी भी जाहिर की है। परिवार ने बताया कि डॉक्टरों की देखरेख में जॉर्ज मेसी का इलाज चल रहा है। परिवार ने बयान में कहा, "जॉर्ज मेसी स्वास्थ्य संबंधी स्थिति से उबर रहे हैं। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।"