फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप एंड फेस्टिवल अजरबैजान 2026 के क्वार्टर फाइनल (81वें से 88वें स्थान के लिए) में भारत को अफगानिस्तान के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला गुरुवार को बाकू के होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स (पिच 1ए) में खेला गया।
भारत ने शुरुआत में कुछ मौके बनाए, लेकिन इसके बावजूद मैच में पिछड़ गया। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद मुस्तफा (15वें मिनट) और शहजादा सुल्तानी (27वें मिनट) ने गोल दागे। दूसरे हाफ में निबास मीतेई वाहेंगबम ने एक गोल करके अंतर कम किया, लेकिन भारत बराबरी का गोल नहीं कर सका।
आक्रामक शुरुआत करते हुए भारत छठे मिनट में ही गोल करने के करीब पहुंच गया था। बाईं तरफ से आर. लालरेमरुआतफेला के दिए गए लो-क्रॉस को अफगानिस्तान के गोलकीपर ठीक से पकड़ नहीं पाए, लेकिन विक्टर लालवमपुइया समय रहते प्रतिक्रिया नहीं दे सके। इसके बाद गेंद वापस लालरेमरुआतफेला के पास पहुंची, जिन्होंने बाएं पैर से शॉट मारा, जिसे गोलकीपर ने डाइव लगाकर बचा लिया। तीन मिनट बाद, निबास ने लालवमपुइया की तरफ एक 'थ्रू बॉल' बढ़ाई, लेकिन इससे पहले कि भारतीय फॉरवर्ड गेंद तक पहुंच पाते, अफगानिस्तान के गोलकीपर अपनी लाइन से बाहर आकर गेंद को पकड़ लिया।