नेमार को जून में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए ब्राजील की टीम में शामिल किया गया है। नेमार की ढाई साल बाद नेशनल टीम में वापसी हुई है।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, मैनेजर कार्लो एंसेलोटी ने सैंटोस स्टार नेमार के नाम की घोषणा सबसे आखिर में की, जिससे हाल के हफ्तों में ब्राजील के मीडिया में चल रही चयन को लेकर बहस खत्म हो गई। एंसेलोटी ने रियो डी जनेरियो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमने नेमार को इसलिए नहीं चुना क्योंकि हमें लगता है कि वह एक अच्छा बैकअप होंगे, बल्कि इसलिए चुना है क्योंकि वह अपनी खूबियों से टीम में जान डाल सकते हैं। चाहे वह एक मिनट खेलें या 90 मिनट। मुझे लगता है कि हमें पिच पर बिताए गए कुल मिनटों की क्वालिटी पर ध्यान देना होगा। वह तभी खेलेंगे, जब वह खेलने के हकदार होंगे। इसका फैसला ट्रेनिंग करेगी। मुझे लगता है कि यह जरूरी है कि सारी उम्मीदें सिर्फ एक खिलाड़ी पर न टिकी हों।"
34 वर्षीय नेमार ब्राजील के लिए अब तक 128 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। वह टीम की ओर से 79 गोल कर चुके हैं। ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी नेमार के नाम है। नेमार ने ब्राजील की जर्सी में अपना आखिरी मुकाबला साल 2023 में उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालीफायर में खेला था, जहां उनके एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट में चोट लग गई थी।