फीफा वर्ल्ड कप 2026 में काबो वर्डे का शानदार सफर जारी है। पहली बार विश्व कप में हिस्सा ले रही टीम ने मियामी स्टेडियम में दो बार की चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ हुए मुकाबले का अंत 2-2 की बराबरी पर किया। इससे पहले, काबो वर्डे ने स्पेन को भी अपने पहले मैच में ड्रॉ पर रोका था।
लगातार दूसरे ड्रॉ के साथ ही कोबो वर्डे ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा अंक भी अर्जित कर लिया है और टीम राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की रेस में बनी हुई है। मैच की शुरुआत से ही कोबो वर्डे का दबदबा देखने को मिला। टीम ने हर किसी को चौंकाते हुए मैच के 21वें मिनट में उरुग्वे के खिलाफ 1-0 की बढ़त बनाई।
टेल्मो अर्कांजो की फ्री किक को केविन पिना ने शानदार गोल में तब्दील किया। यह काबो वर्डे का विश्व कप इतिहास का पहला गोल भी रहा। हालांकि, काबो वर्डे की इस बढ़त को उरुग्वे ने ज्यादा समय पर बरकरार नहीं रहने दिया और हाफ टाइम से पहले ही स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।