कोलंबिया ने फीफा वर्ल्ड कप में अपनी वापसी का जश्न मेक्सिको सिटी स्टेडियम में डेब्यू कर रहे उज्बेकिस्तान पर 3-1 की रोमांचक जीत के साथ मनाया। ग्रुप (के) के मुकाबले में कोलंबिया की ओर से लुइस डियाज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने एक गोल करने के साथ-साथ एक असिस्ट ( गोल करने में मदद) भी किया।
2022 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाने के बाद टूर्नामेंट में लौटी कोलंबिया का रिकॉर्ड इस मुकाबले से पहले विश्व कप के पहले मैचों में खराब रहा था। कोलंबिया ने अब तक छह वर्ल्ड कप खेले हैं, लेकिन उनमें से चार बार उसे अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
मैच के शुरुआती पलों में दोनों टीमों की तरफ से अटैकिंग अप्रोच देखने को मिली। कोलंबिया को 17वें मिनट में पहला बड़ा मौका मिला, जब जॉन एरियास का लंबी दूरी का शॉट साइड नेटिंग से टकराया। इसके बाद 32वें मिनट में लुइस डियाज ने शानदार मूव बनाया और डेनियल मुनोज के लिए गोल करने का बेहतरीन मौका तैयार किया। मुनोज ने बेहतरीन फिनिश करते हुए कोलंबिया को 1-0 की बढ़त दिला दी।