फीफा विश्व कप 2026 में मंगलवार को मेक्सिको और इक्वाडोर के बीच राउंड ऑफ 32 का मुकाबला खेला गया। मेक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हरा दिया। इस हार के बाद इक्वाडोर के हेड कोच सेबेस्टियन बेकासे ने अपने पद को छोड़ दिया है।
बेकासे ने कहा है कि टूर्नामेंट के लिए इक्वाडोर के तय लक्ष्यों को पूरा नहीं कर पाने के बाद पद छोड़ने का फैसला सही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप हमेशा इक्वाडोरियन फुटबॉल फेडरेशन के साथ अनुबंध खत्म होने का निशान रहा है। बेकासे ने अगस्त 2024 में इक्वाडोर की कमान संभाली थी।
मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बेकासे ने कहा, "मैं फ्रांसिस्को एगास (अध्यक्ष, इक्वाडोरियन फुटबॉल फेडरेशन) और फेडरेशन का उनके भरोसे और मुझे दी गई आजादी के लिए शुक्रगुजार हूं। मैं एक ऐसा पद छोड़ रहा हूं, जिसे मैं बहुत महत्व देता हूं। हमने एक विरासत बनाई है। मैं इस सफर और इस एडवेंचर के लिए सभी खिलाड़ियों और देश का शुक्रगुजार हूं। मैं बस 'धन्यवाद' कहना चाहता हूं।"