फीफा वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मिस्र को बड़ा झटका लगा है। टीम को सिएटल में कैंप लगाने का फैसला बदलने पर मजबूर होना पड़ा है। मिस्र टीम की इस शहर में रुकने की गुजारिश को स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों ने स्वीकार करने से मना कर दिया है।
मिस्र की टीम अब स्पोकेन लौटेगी और वहीं से अगले मैच की तैयारी करेगी। मिस्र फुटबॉल संघ के अनुसार, टीम मैनेजर इब्राहिम हसन ने बताया कि सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने टीम के सिएटल में रुकने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया। इसी वजह से पूरे दल को स्पोकेन शहर लौटना पड़ेगा।
इब्राहिम हसन ने बताया कि टीम के कोचिंग स्टाफ ने पहले योजना बनाई थी कि न्यूजीलैंड पर 3-1 की जीत के बाद खिलाड़ी वैंकूवर से सीधे सिएटल जाएंगे। इसका मकसद खिलाड़ियों को अतिरिक्त यात्रा से बचाना और 27 जून को ईरान के खिलाफ होने वाले अहम ग्रुप मैच से पहले उनकी थकान कम रखना था, ताकि टीम बेहतर तैयारी कर सके।