साउथ कोरिया के फीफा वर्ल्ड कप 2026 से ग्रुप स्टेज में ही बाहर होने के बाद टीम के हेड कोच होंग म्युंगबो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
साउथ कोरिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। टीम ने अपने पहले मुकाबले में चेकिया को 2-1 से हराया था। हालांकि, इसके बाद टीम को मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। इन 2 हार के साथ ही टीम की राह बेहद मुश्किल हो गई। तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद वह सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली 8 टीमों में भी जगह नहीं बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
57 वर्षीय होंग म्युंगबो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह टीम की असफलता की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने देश के फुटबॉल प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि वह नेशनल टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ रहे हैं। होंग ने कहा, "मैं उन सभी कोरियाई लोगों से दिल से माफी मांगता हूं, जिन्होंने हमारी नेशनल टीम का हमेशा समर्थन किया। मैंने यह जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की, लेकिन मैं वह नतीजा नहीं दे सका जिसकी लोगों को उम्मीद थी। इसी वजह से मैं अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं।"