फीफा वर्ल्ड कप: 2010 के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा स्पेन, बेल्जियम को 2-1 से हराया (Image Source: IANS)
स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को रोमांच से भरे मुकाबले में 2-1 से हराया।
स्पेन ने साल 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में स्पेन का सामना पिछले वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय करने वाली फ्रांस की टीम से होगा। मैच की शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक खेल दिखाया और बेल्जियम के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया।
स्पेन को सफलता मैच के 30वें मिनट में मिली। लैमिन यामल के शानदार रन के बाद पेड्रो पोरो ने बॉक्स में लो क्रॉस दिया। बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ ने पहले डैनी ओल्मो का शॉट रोक लिया, लेकिन रिबाउंड पर फैबियन रुइज ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई।