फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में तुर्किये ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान अमेरिका को 3-2 से हराया। हालांकि, तुर्किये पहले ही नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुका था, लेकिन टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार अंत किया।
अमेरिका पहले ही ग्रुप डी में पहले स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बना चुका है। ग्रुप में पहला स्थान पक्का होने के कारण अमेरिकी कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने अपनी टीम में कई बदलाव किए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने वाली टीम की तुलना में उन्होंने 9 खिलाड़ियों को आराम दिया। वहीं, तुर्किये के खिलाड़ी सम्मान के लिए मैदान पर उतरे और पूरे मैच में शानदार जज्बा दिखाया।
मैच की शुरुआत अमेरिका के लिए बेहतरीन रही। 2 मिनट और 13 सेकंड में ऑस्टन ट्रस्टी ने सेबेस्टियन बरहाल्टर के कॉर्नर पर शानदार गोल कर अमेरिका को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह अमेरिका की ओर से वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज गोल था। इससे पहले 2014 में क्लिंट डेम्पसी ने घाना के खिलाफ सिर्फ 30 सेकंड में गोल किया था।