फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच खेलने से पहले उरुग्वे की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को यात्रा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। परमिट से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण टीम की कैनकन (मेक्सिको) से मियामी जाने वाली फ्लाइट में कई घंटों की देरी हुई। हालांकि, तमाम मुश्किलों के बाद टीम आखिरकार सोमवार को साउथ फ्लोरिडा पहुंच गई।
उरुग्वे को ग्रुप एच के अपने पहले मुकाबले में मंगलवार को सऊदी अरब का सामना करना है। यह मैच हार्ड रॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम ने रविवार सुबह कैनकन में अपना अभ्यास सत्र पूरा किया था और उसी दिन अमेरिका के लिए रवाना होना था, लेकिन यात्रा योजना गड़बड़ा गई।
जानकारी के अनुसार, उरुग्वे की टीम दोपहर करीब 2 बजे फोर्ट लॉडरडेल के लिए उड़ान भरने वाली थी, जहां पहुंचकर खिलाड़ियों को होटल में ठहरना था। हालांकि, विमान के अमेरिका में प्रवेश से जुड़े जरूरी दस्तावेजों और परमिट में समस्या सामने आने के कारण फ्लाइट तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी। बाद में एयरलाइन ने स्वीकार किया कि परमिट प्रक्रिया में गलती हुई थी और इसके लिए माफी भी मांगी। इस वजह से टीम का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हुआ और खिलाड़ियों को एयरपोर्ट पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।