फीफा ने वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक एक सप्ताह पहले स्टेडियम के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब टूर्नामेंट के दौरान किसी भी स्टेडियम में दोबारा इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पानी की बोतलें लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। फीफा का कहना है कि यह फैसला खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया जाएगा। टूर्नामेंट से पहले फीफा ने अपने स्टेडियम कोड ऑफ कंडक्ट को अपडेट करते हुए साफ कर दिया है कि दर्शक अब स्टेडियम के अंदर पुनः प्रयोज्य पानी की बोतलें नहीं ले जा सकेंगे।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले महीने जारी किए गए नियमों में खाली और पारदर्शी प्लास्टिक की बोतलों को स्टेडियम में ले जाने की अनुमति दी गई थी। उस समय कहा गया था कि एक लीटर तक की खाली और पारदर्शी बोतलें दर्शक अपने साथ ला सकते हैं। हालांकि,अब अपडेट किए गए कोड ऑफ कंडक्ट में इस नियम को पूरी तरह बदल दिया गया है।