एलेक्स एल्बोन 2027 फॉर्मूला 1 सीजन के लिए विलियम्स के साथ बने रहेंगे। एलेक्स ने टीम के साथ अपना भविष्य सुरक्षित करने का फैसला किया है, जबकि टीम को खेल के नए तकनीकी नियमों के तहत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
विलियम्स ने अपने इस निर्णय को एक साल के कॉन्ट्रैक्ट एक्सटेंशन और 'नए सिरे से प्रतिबद्धता' के तौर पर बताया है। हालांकि, एल्बोन का मौजूदा मल्टी-ईयर एग्रीमेंट पहले से ही 2027 तक का माना जा रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पुष्टि पूरी तरह से नई डील के बजाय उनके कॉन्ट्रैक्ट में मौजूद एग्जिट क्लॉज से जुड़ा है।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन में जन्मे 30 साल के थाई ड्राइवर एल्बोन 2022 से विलियम्स के लिए रेस कर रहे हैं और अगले साल टीम के साथ अपने छठे सीजन में उतरेंगे। एल्बोन का यह फैसला विलियम्स के लिए एक मुश्किल सीजन के बाद आया है; 11 रेस के बाद टीम कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप में नौवें स्थान पर है। यह गिरावट तब आई है जब टीम ने 2025 में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया था।