भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व स्ट्राइकर रॉबिन सिंह ने कहा है कि फ्रांस शानदार प्रदर्शन कर रही है और टीम फीफा विश्व कप 2026 का खिताब जीत सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को केप वर्डे से सीखना चाहिए।
जी5 पर फीफा विश्व कप 2026 विशेषज्ञ पैनल का हिस्सा रॉबिन सिंह ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "फ्रांस फीफा विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना से मिली हार ने टीम में जीत की भूख बढ़ा दी है।"
उन्होंने कहा, "मैंने फ्रांस को पिछले विश्व कप से फॉलो किया है। इस साल उन्होंने टीम में गहराई बनाई है और युवाओं को शामिल किया है, जो अविश्वसनीय है। उनके पास अटैक में डेम्बेले हैं, मिडफील्ड में कोन और रैबियोट हैं, बैक में थियो हर्नांडेज और जूल्स कौंडे हैं। फिर माइकल ओलिस एक नए रोल में अच्छा कर रहे हैं। टचौमेनी और यहां तक कि कांटे जैसे खिलाड़ी रेगुलर स्टार्टर नहीं हैं। पूरी टीम में क्वालिटी है। फ्रांस की ताकत उनकी स्टार्टिंग इलेवन से कहीं ज्यादा है।"