फ्रेंच ओपन में सारा एरानी और एंड्रिया वावसोरी ने गुरुवार को फाइनल मुकाबले में गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और इवान किंग को 4-6, 6-3, 10-4 से शिकस्त दी। इसके साथ ही वे साल 2019 के बाद फ्रेंच ओपन मिक्स्ड डबल्स की ट्रॉफी लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली जोड़ी बन गई।
कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर हुए एक कड़े मुकाबले वाले फाइनल में इटली की इस टॉप सीड जोड़ी ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 1 घंटे 19 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया।
तेज हवाओं के बीच खेलते हुए, एरानी और वावासोरी को शुरुआत में ही अपने विरोधियों से कड़ी चुनौती मिली। उनके विरोधियों ने हवा के मिजाज को जल्दी भांप लिया और मैच में जबरदस्त बढ़त बना ली। डाब्रोव्स्की और किंग ने पूरे कोर्ट पर बेहतरीन टेनिस का प्रदर्शन करते हुए पहले सेट पर कब्जा जमाया और बढ़त को बरकरार रखते हुए खिताब से बस एक सेट दूर रह गए, लेकिन साइड बदलने के बाद मैच का रुख पूरी तरह से बदल गया।