फ्रेंच ओपन: जबरदस्त वापसी के साथ स्टारोडुब्तसेवा ने चौंकाया, दूसरी वरीयता प्राप्त रायबाकिना को हराया (Image Source: IANS)
फ्रेंच ओपन के महिला एकल मैच में यूलिया स्टारोडुब्तसेवा ने एक शानदार वापसी करते हुए दूसरी वरीयता प्राप्त एलेना रायबाकिना को शिकस्त दी। दुनिया की 55वें नंबर की खिलाड़ी स्टारोडुब्तसेवा का बुधवार तक शीर्ष-10 खिलाड़ियों के खिलाफ मैचों में रिकॉर्ड 0-6 था, लेकिन उन्होंने इस मैच में बेहतरीन खेल दिखाते हुए रायबाकिना को 3-6, 6-1, 7-6 (10-4) से हराया।
26 वर्षीय यूक्रेनी खिलाड़ी ने रायबाकिना के खिलाफ तीन सेटों के रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल करते हुए अपने करियर की सबसे बड़ी जीत और इस साल के टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया।
अमेरिका में पूर्व कॉलेज खिलाड़ी और टेनिस कोच रह चुकीं स्टारोडुब्तसेवा अब रोलैंड गैरोस के तीसरे दौर में पहुंच गई हैं, जहां उनका मुकाबला 26वीं वरीयता प्राप्त हैली बैप्टिस्ट या चीन की वांग शीयू में से किसी एक से होगा।