एमसीबी लेडीज क्लासिक मॉरीशस में भारत की दीक्षा डागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूती कर ली है। लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) की दो बार की विजेता डागर ने अपने शुरुआती राउंड के 68 स्कोर के बाद, बिना किसी गलती के 3-अंडर 69 का स्कोर बनाया। इस तरह दो राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 7-अंडर-पार हो गया।
दीक्षा डागर के बोगी-फ्री प्रदर्शन ने उन्हें चौथे स्थान पर बराबरी पर ला खड़ा किया। वह संयुक्त लीडर्स डेनमार्क की स्मिला टार्निंग सोंडरबी, जर्मनी की सेलिना सैटेलकाऊ और साउथ अफ्रीका की कैसेंड्रा अलेक्जेंडर से सिर्फ दो स्ट्रोक पीछे थीं। ये सभी लीडर्स 9-अंडर-पार पर थीं।
इस हफ्ते मुकबला कर रहीं चार भारतीय गोल्फर्स में से तीन ने कट पार करके अगले राउंड में जगह बनाई। डागर के साथ-साथ हिताशी बख्शी और त्वेसा मलिक ने भी फाइनल राउंड में अपनी जगह पक्की की। बख्शी ने 71 और 69 के राउंड खेले। वह 19वें स्थान पर बराबरी पर रहीं, जबकि मलिक ने 70 और 71 का स्कोर बनाया और 26वें स्थान में बराबरी पर रहीं। हालांकि, वाणी कपूर 78 और 77 के राउंड खेलने के बाद अगले राउंड में नहीं पहुंच सकीं।