आयरलैंड के गोल्फर रोरी मैकलॉय ने दुनिया के नंबर 1 अमेरिका के स्कॉटी शेफलर को एक शॉट से हराकर लगातार दूसरा मास्टर्स टाइटल जीता। इस जीत के साथ ही मैकलॉय लगातार दो मास्टर्स टाइटल जीतने वाले सिर्फ चार खिलाड़ियों के एलीट ग्रुप में शामिल हो गए हैं। वह 2001-02 में टाइगर वुड्स के बाद यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
रोरी मैकलॉय ने शानदार खेल दिखाते हुए टूर्नामेंट 12-अंडर-पार पर खत्म किया। उन्होंने आखिरी राउंड 71 स्कोर के साथ पूरा किया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान हर राउंड में कभी न कभी बढ़त बनाए रखी। पिछले साल उन्होंने द मास्टर्स जीतकर अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था, जिसमें उन्हें 10 साल से ज्यादा समय लगा। हालांकि इस बार उन्होंने सिर्फ एक साल में ही फिर से जीत हासिल कर ली और अपने नाम एक और 'ग्रीन जैकेट' जोड़ी।
रोरी मैकलॉय ने कहा कि ग्रैंड स्लैम पूरा करने के दबाव ने पिछले साल को खास तौर पर मुश्किल बना दिया था, लेकिन उन्हें यह समझ में आया कि हालात कैसे भी हों, मास्टर्स जीतना हमेशा एक मुश्किल काम होता है। जीत के बाद उन्होंने कहा, "मुझे लगा था कि पिछले साल जीतना बहुत मुश्किल था, क्योंकि मैं मास्टर्स और ग्रैंड स्लैम जीतने की कोशिश कर रहा था। फिर इस साल मुझे एहसास हुआ कि मास्टर्स जीतना वाकई बहुत मुश्किल है।"