भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच स्जोर्ड मारिजने का मानना है कि 52 वर्षों में विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप में टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ने खिलाड़ियों को सिर्फ उत्साह ही नहीं दिया, बल्कि उससे कहीं अधिक मूल्यवान चीज दी है। उनका कहना है कि इस उपलब्धि ने टीम के भीतर यह विश्वास पैदा किया है कि वे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ भी मजबूती से मुकाबला कर सकती हैं।
भारत एफआईएच विमेंस वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान पर रहा। टीम इसी आत्मविश्वास के साथ एशियन गेम्स 2026 में उतरेगी, जहां वे गोल्ड मेडल जीतकर एलए 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करने की कोशिश करेंगे।
मारिजने के लिए वर्ल्ड कप कैंपेन का सबसे बड़ा असर यह रहा कि खिलाड़ियों को खुद यह महसूस हुआ कि वे शीर्ष स्तर पर खेलने के काबिल हैं। मारिजने ने 'ओलंपिक्सडॉटकॉम' से कहा, "मैं उन्हें कई बार कह सकता हूं, 'ठीक है, हम एक अच्छी टीम हैं, आप यह कर सकते हैं,' लेकिन उन्हें खुद इसे महसूस करना होगा। अब उन्होंने दुनिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेला है और उन्हें महसूस हुआ है कि वे उनका मुकाबला कर सकती हैं और कभी-कभी उन्हें हरा भी सकती हैं, जैसे जर्मनी को, जिसे मैं टॉप-4 टीमों में मानता हूं।"