एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा को प्रदेश सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि प्रदान की गई है। पुष्पा राणा ने सम्मान राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपए करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड कप की लंबित पुरस्कार राशि जल्द जारी करने और नौकरी देने की मांग भी उठाई।
पुष्पा राणा ने कहा कि सरकार की ओर से घोषित एक करोड़ रुपए का कैश अवार्ड मिलने पर वह मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पहले घोषित 33 लाख रुपए की राशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपए किया गया है। सरकार से मिल रहे सम्मान और प्यार के लिए उन्होंने पूरी टीम की ओर से धन्यवाद किया।
पुष्पा राणा ने कहा कि वर्ल्ड कप की लंबित पुरस्कार राशि भी जल्द जारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों ने 14 से 15 साल तक मेहनत की है। हिमाचल और देश का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए आर्थिक सहायता भी जरूरी है।