मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर ने माना कि दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट स्टार शूटर का प्रदर्शन एशियन गेम्स 2026 में उनके मानकों के मुताबिक नहीं था। उन्होंने कहा कि मनु ने अपने फैंस के लिए बहुत ऊंचा स्टैंडर्ड और उम्मीदें कायम की हैं।
चार इवेंट्स में हिस्सा लेने के बावजूद मनु भाकर एशियन गेम्स 2026 से बिना कोई मेडल जीते लौटेंगी। वह 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर क्वालीफाई करने के बाद पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि इसी टीम इवेंट में भारत चौथे स्थान पर रहा। इसके बाद वह 25 मीटर पिस्टल फाइनल में जगह नहीं बना पाईं और टीम प्रतियोगिता में भारत पांचवें स्थान पर रहा।
सोमवार को 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन में, उन्होंने 579-18x का स्कोर किया और 11वें स्थान पर रहीं, जिससे वह व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह नहीं बना पाईं। राम किशन ने 'आईएएनएस' से कहा, "मनु का प्रदर्शन उनके स्टैंडर्ड के मुताबिक नहीं था, क्योंकि उन्होंने भारतीय फैंस के लिए बहुत ऊंचा स्टैंडर्ड और उम्मीदें कायम की हैं। मेरी उम्मीद के मुताबिक, उनका स्कोर 585 से ज्यादा होना चाहिए था। यह 585 से 595 के बीच होना चाहिए था। आज का स्कोर काफी नहीं था।"