हॉप्स एफसी ने इंडियन विमेंस लीग 2 (आईडब्ल्यूएल) का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस टीम ने फाइनल राउंड में पांच जीत और कुल मिलाकर नौ जीत के साथ एक बेहतरीन रिकॉर्ड बनाया। जुबा संघा एफसी दूसरे स्थान पर रहा, जिससे उसे 2026-27 सीजन के लिए इंडियन विमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) में प्रमोशन मिल गया। यह इंडियन विमेंस लीग में जुबा संघा का पहला प्रमोशन है।
छह टीमों वाला फाइनल राउंड बेंगलुरु के पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में सिंगल-लेग राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला गया, जहां हॉप्स 15 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। दिल्ली की इस टीम ने 8 गोल दागे और डिफेंस में भी मजबूती रही। फाइनल राउंड के दौरान इस टीम ने कोई गोल नहीं खाया। इससे पहले, वे लगातार चार जीत के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर रहकर फाइनल स्टेज तक पहुंचे थे। यह हॉप्स का पहला आईडब्ल्यूएल 2 खिताब है और पिछले सीजन में रेलीगेशन के बाद भारत की टॉप-टियर विमेंस फुटबॉल लीग में उनकी वापसी का प्रतीक है।
दिल्ली की टीम जुबा संघा एफसी 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जिसने 5 में से चार मैच जीते। फाइनल राउंड में सर्वाधिक गोल करने वाली टीम भी वही थी, जिसने कुल 15 गोल किए।