अहमदाबाद में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत चलाए जा रहे 'संडे ऑफ साइकिल' इवेंट के 75वें संस्करण में भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी गुरजीत कौर ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों को फिट रखने के लिए प्रेरित करने वाली सरकार की इस मुहिम की सराहना की।
गुरजीत ने इसके साथ ही कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारत कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की शानदार मेजबानी करने में सफल रहेगा। गुरजीत ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "अहमदाबाद आकर बहुत अच्छा लग रहा है। फिट इंडिया के तहत 'संडे ऑफ साइकिल' मुहिम में बहुत सारे लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और युवाओं को भी यह काफी पसंद आ रहा है। मैं लोगों को यही कहूंगी कि आप हर रविवार को साइकिल चलाइए और अगर हो सके, तो रोज साइकिल चलाने की कोशिश कीजिए। देखकर काफी बढ़िया लगा कि लोग घरों से बाहर आकर इस मुहिम को सपोर्ट कर रहे हैं।"
गुरजीत ने भारत की मेजबानी में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 को लेकर बात करते हुए कहा, "कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन भारत में होना है, तो भारतीय खिलाड़ी जोरों-शोरों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन काफी शानदार रहेगा, क्योंकि खिलाड़ियों को काफी अच्छी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।"