मेजबान भारत ने 5वीं एशियन कप ब्रिज चैंपियनशिप में तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता। शनिवार को टीम और मैच प्वाइंट फाइनल, दोनों में भारत का प्रदर्शन जबरदस्त रहा।
सबसे शानदार प्रदर्शन 'इंडिया बी सीनियर्स' टीम का रहा। यह टीम लीग स्टेज में टॉप पर रही और फिर टूर्नामेंट की सबसे यादगार जीतों में से एक जापान के खिलाफ रोमांचक सेमीफाइनल जीत हासिल करके गोल्ड मेडल फाइनल में जगह बनाई। युवा मामले और खेल मंत्रालय की तरफ मान्यता प्राप्त और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा समर्थित इस इवेंट में, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कड़े मुकाबले के बाद टीम को आखिरकार सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
'इंडिया बी सीनियर्स' टीम में सुकमल दास, हेमंत जालान, जितेंद्र सोलानी, अनिल पाध्ये, राजेश दलाल और राजू तोलानी शामिल थे। कोच और एनपीसी एनल शाह के मार्गदर्शन में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल के आखिरी पलों तक खिताबी दौड़ में बनी रही।