बेल्जियम और नीदरलैंड की मेजबानी में होने वाले एफआईएच हॉकी वर्ल्ड 2026 की शुरुआत में एक महीना बचा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन का कहना है कि टीम बड़े इवेंट की तैयारियों के अहम दौर में धीरे-धीरे अपनी तीव्रता बढ़ा रही है।
15 से 30 अगस्त तक होने वाला विश्व कप का ये संस्करण बेहद खास है। इस विश्व कप में पहली बार पुरुषों और महिलाओं की टीम एक ही जगह पर साथ होगी। टूर्नामेंट से पहले दोनों भारतीय टीमें अभी बेंगलुरु में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) सेंटर में ट्रेनिंग कर रही हैं।
नेशनल कैंप के माहौल के बारे में फुल्टन ने कहा, "प्रो लीग ब्रेक के बाद खिलाड़ियों ने नए जोश के साथ ट्रेनिंग फिर से शुरू कर दी है। आप मैदान पर इसे देख सकते हैं। सेशन शानदार रहे हैं। हर कोई एक साथ वापस आने के लिए उत्सुक है। पहले कुछ दिन पैरों को फिर से चलाने, अपने स्तर को फिर से बनाने के बारे में थे और अब हम वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए धीरे-धीरे ऊर्जा बढ़ा रहे हैं।"