हॉकी इंडिया ने मंगलवार को बेल्जियम के आगामी एक्सपोजर टूर के लिए 22 सदस्यीय जूनियर पुरुष टीम की घोषणा कर दी। यह टूर 5 से 18 जुलाई के बीच खेला जाएगा, जो नव नियुक्त कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में टीम का पहला असाइनमेंट होगा और इस साल के आखिर में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर एशिया कप से पहले तैयारी का एक अहम चरण साबित होगा।
इस टूर के दौरान युवा भारतीय टीम यूरोप की मजबूत टीमों का सामना करेगी। भारतीय टीम ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच, जबकि जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी। उम्मीद है कि इस एक्सपोजर टूर से टीम को अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का कीमती अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही महाद्वीपीय टूर्नामेंट से पहले उन्हें अपने कॉम्बिनेशन और खेलने के तरीके को परखने में मदद मिलेगी।
इस टूर के लिए डिफेंडर अनमोल एक्का को भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है। गोलकीपिंग यूनिट में विवेक लाकरा और कुणाल तेवतिया शामिल हैं। डिफेंस लाइन में कप्तान अनमोल एक्का, रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बारला, संजीत तिर्की और वी. मणिमारन शामिल हैं।