इंडियन ओपन 2026 के आखिरी दिन रविवार को अभय सिंह और अनाहत सिंह ने क्रमशः पुरुषों और महिलाओं के खिताब अपने नाम किए। पुरुषों के खिताब के लिए मुकाबला भारतीयों के बीच था, जिसमें दूसरी वरीयता प्राप्त अभय ने अपने ही देश के चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वीर चोत्रानी को 3-0 (11-9, 11-8, 11-4) से मात दी। वहीं, महिलाओं के फाइनल में युवा सनसनी अनाहत सिंह ने मिस्र की हाना मोअताज को 3-1 (11-5, 11-6, 9-11, 11-6) से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
पुरुषों के फाइनल में अभय जबरदस्त फॉर्म में थे। हालांकि, चोत्रानी ने शुरुआती दो गेम में जोरदार मुकाबला किया, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, दूसरी वरीयता प्राप्त अभय ने अपनी गति और आक्रामकता बढ़ा दी। पहला गेम बहुत कड़ा मुकाबला था, जिसमें हर प्वाइंट के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले में आखिरकार अभय सिंह ने बाजी मारी और पहला गेम 11-9 से जीतकर बढ़त बना ली।
दूसरा गेम भी कुछ ऐसा ही रहा, जिसमें हर प्वाइंट पर लंबी रैलियां देखने को मिलीं। हालांकि, अभय अपने हमवतन खिलाड़ी की कड़ी चुनौती का सामना करने में सफल रहे और 11-8 से गेम जीतकर अपनी बढ़त को मजबूत कर लिया।