भारत की अंडर-17 महिला राष्ट्रीय टीम सोमवार को एएफसी अंडर-17 विमेंस एशियन कप चीन 2026 से पहले चीन के सूजौ शहर पहुंच गई। इससे ठीक पहले टीम ने ग्रुरुग्राम में आयोजित एक कैंप में हिस्सा लिया था। 21 साल बाद इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम 2 मई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
2 मई को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच यह मैच शाम 5 बजे से पिच-8 पर खेला जाएगा। इसके बाद 5 मई को शाम 5 बजे पर पिच -4 पर जापान से भारतीय टीम का सामना होगा, जबकि 8 मई को दोपहर 1 बजे से पिच 8 पर लेबनान से टीम इंडिया की भिड़ंत होगी। ये सभी मैच सूजौ ताइहू फुटबॉल स्पोर्ट्स सेंटर की पिच पर खेले जाएंगे।
हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें, और सभी ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर-फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर-फाइनल जीतने वाली चार टीमें फिर फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप मोरक्को 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी। एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप चीन 2026 का सीधा प्रसारण एएफसी एशिय कप यू-ट्यूब चैनल पर किया जाएगा।