घरेलू सरजमीं पर आयोजित एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय निशानेबाज अब अगले बड़े चरण की तैयारी में जुट गए हैं। इस प्रतियोगिता में भारत ने 76 पदकों (39 स्वर्ण, 18 रजत और 19 कांस्य) के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
अब देश के शीर्ष राइफल और पिस्टल शूटर्स की नजरें नेशनल सिलेक्शन ट्रायल्स 3 (ग्रुप ए) पर होंगी, जो 6 से 10 मार्च 2026 के बीच दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित किए जाएंगे। यह ट्रायल अगले महीने से शुरू होने वाले व्यस्त अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कैलेंडर से पहले बेहद अहम माने जा रहे हैं।
इन ट्रायल्स में भारत के लगभग सभी शीर्ष निशानेबाज 10 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। इनमें आठों ओलंपिक स्पर्धाएं शामिल हैं। इसके साथ ही पुरुष और महिला वर्ग में राइफल प्रोन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।