कुलदीप कुमार ने शनिवार को इनडोर स्टेडियम में आयोजित पहली इंडियन इनडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स और पोल वॉल्ट प्रतियोगिता के शुरुआती दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष पोल वॉल्ट में नया नेशनल रिकॉर्ड बना दिया।
मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे 21 वर्षीय कुलदीप ने अपने पहले ही प्रयास में 5.41 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए देव कुमार मीणा का पिछले साल बनाया 5.40 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं, कुलदीप ने मार्च में रीगन जी. के नेशनल इंडोर रिकॉर्ड (5.30 मीटर) को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि, कुलदीप 5.46 मीटर की ऊंचाई पर अपने तीनों प्रयासों में सफल नहीं हो सके।
इस बीच देव कुमार मीणा भी शानदार फॉर्म में नजर आए। इस साल की शुरुआत में, मार्च में ताइवान में उन्होंने अपने नेशनल रिकॉर्ड (5.40 मीटर) की बराबरी की थी। इवेंट से पहले उन्हें ही जीत का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन शनिवार को उन्हें ब्रॉन्ज से ही संतोष करना पड़ा। गोल्ड के लिए मुकाबला तीन एथलीट्स देव कुमार मीणा, कुलदीप कुमार और रीगन जी. के बीच था।