गुवाहाटी के इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026/27 के मुकाबले में बेंगलुरु एफसी ने 93वें मिनट में सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी विनीत वेंकटेश के गोल की मदद से नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला।
पहले हाफ में जितिन एमएस के गोल से मेजबान टीम (नॉर्थईस्ट यूनाइटेड) आगे हो गई थी, लेकिन मैच के अंत में विनीत ने सुनील छेत्री के पास को गोल में बदलकर बेंगलुरु एफसी को एक अंक दिलाया। बेंगलुरु एफसी ने अच्छी शुरुआत की थी। बोर्जा मार्टिनेज के पास पर आशिक कुरुनियन का शॉट लक्ष्य से थोड़ा चूक गया, जबकि रयान विलियम्स के क्रॉस के बाद रिकी मीतेई का प्रयास बार के ऊपर से निकल गया।
इसके जवाब में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के अलाएद्दीन अजराई ने बॉक्स के बाहर से एक शॉट लिया, जिसे गुरप्रीत सिंह संधू ने बचा लिया। मेजबान टीम धीरे-धीरे खेल में पकड़ बनाने लगी, जितिन और अजराई दोनों ही गोल करने के करीब पहुंचे, और आखिरकार 15वें मिनट में उन्हें सफलता मिल गई। एक तेज हमले (फास्ट ब्रेक) के दौरान गोंजालेज ने जितिन को पास दिया, और इस मिडफील्डर ने बाएं पैर से शॉट लगाकर गेंद को गोल पोस्ट के निचले बाएं कोने में पहुंचा दिया।