इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 में रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में एफसी गोवा ने इंटर काशी एफसी को 2-1 से मात देकर सीजन में अपनी पहली जीत हासिल की। पुणे के बालेवाड़ी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दूसरे हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए एफसी गोवा ने पूरे 3 अंक अपने नाम किए। दूसरी तरफ, इंटर काशी एफसी को इस सीजन में अपनी तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।
एफसी गोवा की तरफ से फ्रांसिस्को फ्यूलासियर (34वें मिनट) और क्रिश्चियन बोरेगो (66वें मिनट) ने गोल दागे, जबकि सुमित पासी (51वें मिनट) ने इंटर काशी के लिए एकमात्र गोल किया।
मैच की शुरुआत में इंटर काशी ने मौके बनाने की कोशिश की। जीतू ने बॉक्स में आई एक गेंद पर हेडर लगाने का प्रयास किया, लेकिन गेंद लक्ष्य से दूर रही। आयुष चिक्कारा ने भी लगभग 25 गज की दूरी से किस्मत आजमाई, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया।