इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 में शनिवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में, मोहन बागान सुपर जाइंट ने पंजाब एफसी को 2-1 से शिकस्त दी। विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन स्टेडियम में अल्फ्रेड प्लानास (तीसरे मिनट) ने पंजाब एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाई थी, लेकिन ली इरविन ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद हाफ-टाइम से ठीक पहले देजान द्राजिच ने विजयी गोल दागा, जिससे मोहन बागान को 3 अंक मिले और वे प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गए।
पंजाब एफसी ने शानदार शुरुआत करते हुए तीसरे मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली थी। सनाथोई मीतेई ने पेनाल्टी एरिया के बाहर अल्फ्रेड प्लानास को गेंद दी, जिस पर मिडफील्डर ने दाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया। विशाल कैथ ने गेंद को रोकने के लिए डाइव लगाई, लेकिन वे नाकाम रहे और पंजाब एफसी आगे हो गया।
मोहन बागान ने जवाब देने की कोशिश की, जिसमें छठे मिनट में समीर जेलकोविच का एक लंबा शॉट गोलपोस्ट के बाहर से निकल गया। दो मिनट बाद पंजाब एफसी के मैंगलेंथांग किपगेन ने फिर से खतरा पैदा किया, लेकिन बॉक्स के बाहर से लगाए गए उनके शॉट को कैथ ने आसानी से रोक लिया।