इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में रविवार को ब्रायन सांचेज के दूसरे हाफ में किए गए दो गोलों की मदद से बेंगलुरु एफसी ने इंटर काशी पर 3-1 से जीत हासिल की। 'द ब्लूज' छह मैचों में 11 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गए, जबकि इंटर काशी पांच अंकों के साथ 11वें स्थान पर बना रहा। ब्रायन सांचेज को उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में रविवार को रेनेडी सिंह की टीम ने शानदार शुरुआत की और मैच की शुरुआत में ही गेंद पर अपना दबदबा बनाए रखा। लेफ्ट विंगर आशिक कुरुनियन ने 10वें मिनट में ही लुइस टैरेस की परीक्षा ली, जबकि इसके कुछ ही देर बाद मिडफील्डर सिरोजिद्दीन कुजिएव और सांचेज दोनों ने लंबी दूरी से शॉट लगाकर गोल करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
मेहमान टीम को 20वें मिनट में एक शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन का इनाम मिला। आशिक ने इंटर काशी के कप्तान सुमित पासी से गेंद छीनी। वह पूरी आक्रामकता के साथ आगे बढ़े, और अपने बाएं पैर से एक जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोल के ऊपरी-बाएं कोने में पहुंचा दिया, जिससे बेंगलुरु को 1-0 की बढ़त मिल गई।