रविवार को मिस्र के काहिरा में आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप राइफल, पिस्टल और शॉटगन प्रतियोगिता में भारत ने कुल 16 मेडल (पांच गोल्ड, छह सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज) जीतकर मेडल टैली में पहला स्थान हासिल किया। पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन्स इवेंट में हेमंत बर्मन ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में ज़ुहैर खान और आद्या कात्याल ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
दिन के पहले फाइनल में, हेमंत बर्मन ने 50 मीटर 3-पोजीशन इवेंट में तीनों पोजीशन्स में कुल 351.7 का स्कोर करके सिल्वर मेडल हासिल किया। 18 साल के हेमंत ने 578-24 एक्स के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर क्वालीफाई किया था। फाइनल में उनके साथ वेदांत नितिन वाघमारे और रोहित कन्यान भी थे, जिन्होंने क्रमशः 581 और 580 का स्कोर किया था। फाइनल में रोहित 311.9 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहे, जबकि वेदांत 300.5 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहे।
कजाकिस्तान के ओलेग नोस्कोव ने 355.6 का स्कोर करके एक नया जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता। उज्बेकिस्तान के निकिता सोलोकोव ने 341.2 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारत के अन्य क्वालीफायर, मानवेंद्र सिंह शेखावत (578-23 एक्स), कुशाग्र सिंह राजावत (576-24 एक्स) और हितेश श्रीनिवासन (574-26 एक्स), टॉप आठ में जगह नहीं बना पाए।