वंशिका चौधरी और चिराग शर्मा ने मिस्र के काहिरा में हो रहे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) जूनियर वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह टूर्नामेंट में भारत का पांचवां गोल्ड मेडल है।
भारतीय टीम टूर्नामेंट में मेडल टैली में पहले स्थान पर बनी हुई है। दोनों ने व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) की तरफ से खेल रहीं आलियाकसांद्रा पियात्रोवा और मिकिता दौबाश (467.6) को हराया और 484.3 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। मोहिनी सिंह और हिमांशु राणा की दूसरी भारतीय जोड़ी ने चार टीमों के फाइनल में 407.4 का स्कोर करके ब्रॉन्ज मेडल जीता।
वंशिका और चिराग ने इससे पहले शनिवार सुबह ओलंपिक इंटरनेशनल सिटी शूटिंग रेंज में कुल 582 का स्कोर किया था, और 14 टीमों के क्वालिफायर में टॉप पर रहे थे, जबकि मोहिनी और हिमांशु भी यहां 568 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वंशिका के लिए यह टूर्नामेंट में दूसरा गोल्ड मेडल है, इससे पहले उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल का खिताब जीता था। वहीं, चिराग के लिए भी यह दूसरा मेडल रहा। उन्होंने इससे पहले जूनियर पुरुषों की एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया था।