इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर सिटी को कप्तान बर्नांडो सिल्वा के जाने के बाद एक और झटका लगा है। टीम के दमदार डिफेंडर जॉन स्टोन्स ने भी कंफर्म किया है कि वह गर्मियों के आखिर में क्लब का साथ छोड़ देंगे।
31 वर्षीय स्टोन्स एतिहाद स्टेडियम में 10 साल खेलने के बाद सीजन के आखिर में एक फ्री एजेंट के तौर पर क्लब छोड़ देंगे। जॉन स्टोन्स साल 2016 में मैनचेस्टर सिटी क्लब से जुड़े थे। उन्होंने क्लब की तरफ से कुल 293 मैच खेले हैं। स्टोन्स ने मैनचेस्टर सिटी को कुल 19 ट्रॉफी जीतने में मदद की, जिसमें 6 प्रीमियर लीग टाइटल, एक यूईएफए चैंपियंस लीग, दो एफए कप, पांच काराबाओ कप जीत, तीन कम्युनिटी शील्ड, एक फीफा क्लब वर्ल्ड कप और एक यूईएफए सुपर कप विनर मेडल शामिल हैं।
स्टोन्स उस टीम का अहम हिस्सा थे जिसने 2023 में ट्रेबल (एक सीजन में 3 प्रतियोगिता जीतना) जीता था। उन्होंने मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ एफए कप फाइनल और इंटर मिलान के खिलाफ चैंपियंस लीग फाइनल में अहम योगदान दिया था। स्टोन्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर एक भावुक वीडियो के जरिए क्लब से अलग होने की घोषणा की। इस वीडियो में उन्होने अपने पूरे समय के सपोर्ट के लिए फैंस और क्लब को धन्यवाद दिया।