जालंधर को दुनिया भर में खेल उपकरणों के बड़े उत्पादन केंद्र के रूप में जाना जाता है। यहां के खेल उद्योग से हजारों परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया के तहत वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक के लिए खेलो इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम को मंजूरी दी है। इसका फायदा जालंधर के खेल उद्योग को हो सकता है।
खेलो इंडिया के तहत स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के लिए केंद्र सरकार ने 1,856.67 करोड़ रुपये का बजट रखा है। केंद्र सरकार की इस पहल से छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलने, रोजगार के अवसर बढ़ने और पंजाब के खेल उद्योग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जालंधर की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि छोटे स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को बढ़ावा मिलने से उद्योग को नई मजबूती मिल सकती है। इससे बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों और घरेलू स्तर पर काम करने वाले लोगों को भी फायदा पहुंचने की उम्मीद है।