जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा डल झील से हरवान मार्ग पर'पैडल थ्रू पैराडाइज साइकिल रेस 2026' का आयोजन किया गया। इस रेस को पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (सशस्त्र) नितेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 3,000 साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया। रेस में हिस्सा लेने वाले उमर हसन ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के द्वारा आयोजित की गई इस रेस में अलग-अलग पेशे के लोग शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस रेस में बड़े से लेकर बच्चों तक ने भाग लिया और हर कोई काफी उत्साहित था।
उमर ने बताया कि वह नियमित तौर पर साइकिलिंग करते हैं और इस रेस में उन्होंने इसलिए हिस्सा लिया ताकि वह अपना स्टैमिना बढ़ाकर आगे साइकिलिंग में करियर बनाने की सोच सकें। उन्होंने कहा, "कोई भी गतिविधि, चाहे वह शारीरिक हो या कोई अन्य खेल, बहुत अच्छी चीज है। यह इंसान को बाकी कामों से दूर रखती है। हमने अपने काम और व्यस्त दिनचर्या को एक तरफ रख दिया था और पिछले एक-दो दिनों से तैयारियों में लगे हुए थे।"