जैनिक सिनर ने रविवार को इटैलियन ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह 1976 में एड्रियानो पनाटा के बाद इस खिताब को जीतने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बने हैं। फाइनल मुकाबले में सिनर ने कैस्पर रूड को 6-4, 6-4 से हराकर लगातार छठा एटीपी मास्टर्स 1000 टाइटल जीता।
1 घंटे 44 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करके नोवाक जोकोविच के बाद सिनर एटीपी इतिहास में करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा करने वाला सिर्फ दूसरा खिलाड़ी बन गए हैं। सिनर ने अब सभी एटीपी मास्टर्स 1000 टाइटल जीत लिए हैं। जोकोविच ने 2018 में सिनसिनाटी जीतने के बाद यह कामयाबी हासिल की थी।
सिनर ने कोर्ट पर अपने इंटरव्यू में कहा, "मुझे लगता है कि यह 50वां साल था जब किसी इटैलियन ने जीत हासिल की और मैं सच में बहुत खुश हूं। दोनों तरफ बहुत टेंशन थी; हम दोनों का टेनिस परफेक्ट नहीं था, लेकिन मैं जीत दर्ज करने के बाद काफी खुश हूं। पिछले ढाई महीने बहुत अच्छे रहे हैं। मैं हर बार खुद को सबसे अच्छी पोजीशन में रखने की कोशिश करता हूं और जितना हो सके उतना अच्छा करता हूं। हर दिन आसान नहीं होता, लेकिन मैं सच में बहुत, बहुत खुश हूं।"