भारतीय शूटिंग जगत के दिग्गज खिलाड़ी और कोच जसपाल राणा के निधन से खेल जगत के साथ ही पूरा देश शोक में है। 49 वर्ष की उम्र में उनके निधन के बाद रॉय कपूर फिल्म्स ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए खुलासा किया कि उनकी जिंदगी पर आधारित एक बायोपिक पर काम चल रहा था।
प्रोडक्शन हाउस ने इंस्टाग्राम पर किए पोस्ट में जसपाल राणा को एक सच्चा चैंपियन, शानदार कोच और भारतीय खेलों की सफलता के प्रमुख स्तंभों में से एक बताया। कंपनी ने बताया कि शूटिंग रेंज में उनकी उपलब्धियों ने देश को गौरवान्वित किया, लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान उन खिलाड़ियों के रूप में रहेगी, जिन्हें उन्होंने प्रशिक्षित किया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रॉय कपूर फिल्म्स ने बताया कि जसपाल राणा ने अपना पूरा जीवन खेल के प्रति समर्पित किया। उन्होंने न केवल खुद कई उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्टता का महत्व सिखाया। उनकी कोचिंग और मार्गदर्शन ने भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।