यूरोपीय मोटरस्पोर्ट में भारत के 'मैनी बंधुओं' के लिए यह सप्ताहांत यादगार रहा। कुश मैनी ने एफआईए फॉर्मूला 2 फीचर रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम फिनिश हासिल की, जबकि उनके बड़े भाई अर्जुन मैनी ने जर्मनी के नोरिसरिंग पर आयोजित 2026 डीटीएम सीजन में 2026 सीजन का अपना पहला पोडियम फिनिश दर्ज किया।
एआरटी ग्रांड प्रिक्स के लिए गाड़ी चलाते हुए, कुश ने फॉर्मूला 2 फीचर रेस के लिए तीसरा स्थान हासिल किया। रिवर्स-ग्रिड फॉर्मेट के कारण शनिवार की स्प्रिंट रेस में उन्हें ग्रिड पर आठवां स्थान मिला। स्प्रिंट रेस में उन्होंने शानदार ड्राइविंग की और चार स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर रेस पूरी की।
25 वर्षीय कुश ने रविवार की फीचर रेस में भी अपनी लय बनाए रखी। तीसरे स्थान से शुरुआत करते हुए, कुश ने शानदार शुरुआत की और शुरुआती मोड़ से पहले ही बढ़त बना ली। उन्होंने अपनी तेज रफ्तार और टायर मैनेजमेंट के दम पर काफी समय तक रेस पर नियंत्रण बनाए रखा।